सिकंदराबाद – शनिवार को नगर स्थित कृष्ण तालाब मंदिर पर छठ महापर्व के अवसर पर आस्था और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। चार दिनों तक चलने वाले इस पावन पर्व का समापन आज उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर किया गया। हजारों की संख्या में श्रद्धालु, इस पर्व को मनाने के लिए कृष्ण तालाब मंदिर पर एकत्र हुए।छठ पूजा भारतीय संस्कृति का एक महत्वपूर्ण पर्व है, जिसमें विशेष रूप से सूर्य देवता की पूजा होती है। भक्तों ने अपनी मन्नतें पूरी होने की कामना के साथ व्रत रखकर सूर्य देवता की आराधना की और जल में खड़े होकर अर्घ्य अर्पण किया।
सूर्य को जल अर्पित करने के बाद भक्तों ने अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की। छठ महापर्व के इस आयोजन में बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों, और युवाओं का जोश और आस्था का स्तर देखते ही बनता था। सभी ने भक्ति और समर्पण भाव के साथ अपने परिवार और समाज के लिए खुशहाली की प्रार्थना की।छठ पूजा का यह महापर्व न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि समाज को एकजुट करने का भी संदेश देता है। सभी ने एकसाथ इस पर्व को मनाया और छठी मइया से अपने जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की।इस अवसर पर प्रशासन द्वारा सुरक्षा और स्वच्छता के विशेष इंतजाम किए गए थे।