सिकंदराबाद – जेएस कॉलेज के हिंदी विभाग में कार्यरत शिक्षक नवीन कुमार को उनके शोध कार्य के लिए पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई है। उन्होंने अपना शोध “हिंदी नाटकों के मिथकीय चरित्रों का अनुशीलन” विषय पर संपन्न किया। यह शोध पंडित जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय, बांदा के हिंदी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर (डॉ.) अश्विनी कुमार शुक्ल के निर्देशन में पूरा हुआ। नवीन कुमार के शोध में हिंदी नाटकों में चित्रित मिथकीय चरित्रों के विभिन्न पहलुओं का गहन अध्ययन और विश्लेषण किया गया है। उनका यह कार्य हिंदी नाटक साहित्य के लिए एक महत्वपूर्ण योगदान है, जो मिथक और नाटक के बीच संबंध को समझने में सहायक होगा। नवीन कुमार की इस उपलब्धि पर महाविधालय की प्राचार्य प्रो स्वप्ना उप्रेती ने कहा कि कॉलेज के लिए यह गर्व की बात है, उन्होंने नवीन कुमार के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी। कॉलेज के समस्त स्टाफ ने नवीन कुमार को उनकी इस उपलब्धि के लिए हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की और भविष्य के कार्यों के लिए उन्हें सफलता प्राप्त करने की शुभकामनाएँ दी।
