सिकंदराबाद – नगर के जेएस कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना की द्वितीय इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का छठवां दिन मनाया गया। आज की मुख्य थीम “आपदा प्रबंधन और पर्यावरण प्रदूषण जागरूकता अभियान” थी। कार्यक्रम की शुरुआत स्वयंसेवकों ने NSS लक्ष्य गीत के साथ की। इसके बाद, शिविर में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां स्वयंसेवकों ने योग के महत्व को समझा और इसका अभ्यास किया। इसके बाद स्वयंसेवकों ने रामबाड़ा में आपदा प्रबंधन और पर्यावरण प्रदूषण की रोकथाम के लिए रैली निकाली। रैली में स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर प्रदूषण से होने वाली बीमारियों के बारे में लोगों को जागरूक किया और इसके रोकथाम के उपाय बताए।
बौद्धिक सत्र में प्रोफेसर होशियार सिंह ने आपदा प्रबंधन के विषय पर व्याख्यान दिया और आपदा के समय सतर्कता व प्रबंधन के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। डॉ. अरविंद चौहान ने पर्यावरण प्रदूषण के विभिन्न प्रकारों और इसके रोकथाम हेतु उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम अधिकारी विकास कुमार ने स्वयंसेवकों को आगे भी इस प्रकार के सामाजिक कार्यों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस अभियान से छात्र-छात्राओं में आपदा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ी, जो समाज के लिए लाभकारी साबित होगी। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी विकास कुमार ने किया।
